भतीजी की शादी में शामिल होने आए दो लोगों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत

कैमूर से दाऊजी केशरी की रिपोर्ट/ कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के धनेछा गांव के पास पूजा वाटिका के सामने nh2 पर एक तेज रफ्तार से जा रहे वाहन ने दो लोगों को रौद डाला। दोनों लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंचे दुर्गावती थाना थाना अध्यक्ष संजय कुमार व बीडीओ अशोक कुमार ने दोनों लोगों को एंबुलेंस से दुर्गावती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों लोगों को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बारे में बताया जाता है कि कैमूर के चांद थाना क्षेत्र के छोटका अमाव के 52 वर्षीय योगेंद्र प्रताप सिंह, 65 वर्षीय कृष्ण सिंह दोनों लोग उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी से अपनी भतीजी की शादी में पूजा वाटिका में आए हुए थे। दोनों लोग चाय पीने के लिए सड़क क्रास कर रहे थे उसी समय तेज रफ्तार से जा रही वाहन ने दोनों लोगों को रौंद डाला। जिनकी घटनास्थल पर मौत हो गई घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। शादी का समारोह मातमी सन्नाटा में तब्दील हो गया। थाना अध्यक्ष ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।