भरगामा में डीएपी खाद की कमी से किसान परेशान

भरगामा ,अररिया/अंकित सिंह/ भरगामा प्रखंड क्षेत्र के किसान डीएपी खाद के लिए बेचैन हैं। जहां खाद उपलब्ध है वहां दुकानों पर किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। एक-दो बोरा खाद के लिए किसान घंटों लाइन में खड़े रहने को विवश हैं। किसान कभी खेतों में अपनी गेहूं एवं मक्का की फसल तो कभी खाद के लिए दुकान देख रहे हैं। प्रखंड के ज्यादातर आबादी कृषि पर निर्भर है। चाहे किसान हो या मजदूर,कृषि को आमदनी का मुख्य जरिया मानते हैं। लेकिन अभी स्थिति यह है कि डीएपी खाद नहीं मिल रही। इस कारण किसान आक्रोशित हैं। उनका आक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। बाजार में डीएपी की किल्लत ने किसानों की नींद उड़ा दी है।

किसान खाद के लिए रतजगा कर रहे हैं। सुबह होते ही खाद के लिए बाजार पहुंचते हैं और दुकान में डीएपी खाद न रहने का बोर्ड देख वापस घर लौट जाते हैं। किसानों को कृषि विभाग से सही जानकारी नहीं मिल रही है, इस कारण उनकी बेचैनी बढ़ गई है। किसान आशिष सोलंकी,श्रवण सिंह,बाबुल सिंह,लालू सिंह आदि ने बताया कि खेतों में डीएपी खाद डालना जरूरी है। जब तक डीएपी खाद नहीं डाली जाएगी धान का विकास नहीं होगा। एक सप्ताह से खाद के लिए बाजार जा रहे हैं। दुकानदार कह रहे हैं कि खाद नहीं आई है। खेतों में खाद डालने का अभी समय है। ऐसे समय में खाद न मिलने का प्रभाव उपज पर पड़ सकता है। वहीं इस संबंध में भरगामा कृषि पदाधिकारी राजेश्वर प्रसाद से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन हर बार संपर्क विफल रहा।